बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की यूपी बोर्ड परीक्षा गुरुवार से जिले के 128 परीक्षा केंद्रों पर हो रही है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। एसएसपी ने हर केंद्र पर दरोगा के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी मुनिराज जी. के मुताबिक हर परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा, दो कांस्टेबल, दो महिला कांस्टेबल की तैनाती अनिवार्य रूप से रहेगी। इनके अलावा होमगार्ड का भी सुरक्षा व्यवस्था बनाने में सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों के बारे में संबंधित थाना क्षेत्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह खुद परीक्षा अवधि में वहां निगरानी रखें। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ संबंधित क्षेत्र के सीओ व इंस्पेक्टर का समन्वय रहेगा, ताकि नकल न होने पाए। वह खुद भी एसपी सिटी व देहात के साथ समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का मुआयना करेंगे। नकल करने वालों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक या संबंधित टीमों की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो