बरेली। बीडीए ने रामगंगा नगर में लंबे समय से खाली पड़े आवासीय और कामर्शियल प्लाटों की बिक्री खोल दी है। चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य से कम आमदनी के घाटे की भारपाई करने के लिए बीडीए ने यह कदम उठाया है। प्रथम चरण में 115 आवासीय और 23 व्यवसायिक भूखंडों को बेचने की योजना बनाई गई है। 21 जनवरी से 28 फरवरी तक बीडीए दफ्तर में संपर्क कर प्लाटों की बुकिंग कराई जा सकती है।
रामगंगा नगर आवासीय योजना में बीडीए को 115 आवासीय भूखंड बेचने हैं। प्रत्येक भूखंड या प्लाट 72.5 स्क्वायर मीटर का है। कीमत 13500 रुपये स्क्वायर मीटर रखी गई है। कामर्शियल प्लाट की कीमत 27000 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर है। अभी 23 कामर्शियल प्लाट उपलब्ध हैं। अगर रामगंगा नगर में कोई स्कूल खोलना चाहता है तो उसके लिए 560 मीटर का प्लाट रिजर्व रखा गया है, जिसकी कीमत 13500 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर है। बीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराकर अगर किसी की ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट बनाकर बेचने में दिलचस्पी है तो बीडीए ने 3400 स्क्वायर मीटर जमीन उसके लिए भी रखी है। इस जमीन की कीमत व्यवसायिक रेट से कम 20250 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर रखी है। बीडीए उपाध्यक्ष डा. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रामगंगा नगर योजना को तीव्र गति से विकसित करने की योजना है। इसलिए हर तरह के भूखंडों की बिक्री शुरू की गई है।