बरेली। पुलिस लाइन के मैदान में आईएमए और पुलिस अफसरों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। आईएमए कप्तान डॉक्टर आरके सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस टीम ने बीस ओवर में 149 रन का स्कोर खड़ा किया। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने 55 रन की शानदार पारी खेली। एडीजी प्रेम प्रकाश 19 और एसपी सिटी अभिनंदन सिंह 16 रन बनाकर आउट हो गए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईएमए की पूरी टीम 138 रन पर ढेर हो गई। आईएमए की ओर से डॉ. अतुल गंगवार ने ताबड़तोड़ 56 रन बनाए। डॉ सलिल ने 19 रन का योगदान दिया। मैच के बाद मुख्य अतिथि एडीजी प्रेेम प्रकाश ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए भविष्य में ऐसे मैत्री मैच खेलने का सुझाव दिया। इस दौरान आईएमए के अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह, पूर्व सचिव डॉ. विमल भारद्वाज मौजूद रहे। विजेता टीम और उपविजेता टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।