बरेली। सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा सोमवार को एक होटल में हुई। सभा के दौरान उद्यमियों और व्यापारियों ने बदली अर्थव्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में अपनी भूमिका पर चर्चा की। पूर्व अध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल ने बताया कि इंवेस्टर्स मीट में 1808 करोड़ के एमओयू पर साइन हुए हैं। इससे बरेली में औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के नए अवसर मिलेंगे। सामूहिक प्रयास इस निवेश को धरातल पर लाने में सहायक होने चाहिए। वर्तमान में सरकार का भी सहयोग मिल रहा है। उद्योग एवं व्यापार संबंधी नियमों में नित हो रहे बदलावों को सेमिनार के माध्यम से संबंधित वर्ग तक पहुंचाना होगा। उद्यमी दिनेश गोयल औ अध्यक्ष डॉ. केशव कुमार ने संबंधित विषय पर अपने विचार रखे। यहां उपाध्यक्ष विमल रेवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सुंदरानी, आरके गोयल, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. राजीव गोयल, विनोद ग्रोवर आदि मौजूद रहे।