शिक्षकों के प्रमोशन में लगा अड़ंगा
अंग्रेजी स्कूलों में नियुक्तियों पर भी फिलहाल ब्रेक
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में प्रमोशन का इंतजार करे रहे शिक्षकों को झटका लगा है। शासन ने पदोन्नति की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। इस संबंध में बीएसए के पास सचिव का आदेश भी आ गया है। उधर, अंग्रेजी स्कूलों में भी शिक्षकों की नियुक्तियां भी अधर में लटक गई हैं।
प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत करीब आठ सौ शिक्षकों को पदोन्नति देकर उन्हें सहायक अध्यापक से हेड मास्टर बनाया जाना है। विभाग ने इसके लिए वरिष्ठता सूची भी तैयार कर ली है, लेकिन शासन ने एकाएक पूरी प्रक्रिया रोक दी है। इससे पूर्व शासन ने यह आदेश दिया था कि शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शिक्षकों के प्रमोशन की लिस्ट फाइनल की जाए। दूसरे जिलों में ट्रांसफर के लिए सवा चार सौ शिक्षकों ने यहां आवेदन किए थे, लेकिन दो माह से चल रही ट्रांसफर की कार्रवाई अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इसे देखते हुए शासन ने प्रमोशन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। इधर, हर ब्लॉक में चयनित छह-छह अंग्रेजी स्कूलों की नियुक्तियां भी नहीं हो पा रही हैं। पहले 16 मई को डायट में काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में इसे निरस्त कर दिया गया। अब इस प्रक्रिया को अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। टीईटी शिक्षक संघ ने अंग्रेजी स्कूलों में नियुक्तियों के लिए काउंसलिंग में हो रहे विलंब पर नाराजगी जाहिर की है।