बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की तरफ से मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बृहस्पतिवार व शुक्रवार को जिलेभर में कार्रवाई की गई। चार टीमें गठित करके कुल 19 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर 20.54 किलो मिर्च जब्त की गई।
टीम ने फरीदपुर स्थित सृष्टिपूर्ति वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड से हल्दी, धनिया और मिर्च पाउडर के नमूने लिए। भोजीपुरा स्थित अनमोल एसोसिएट्स एंड मार्केटिंग कंपनी से पनीर मसाला, मिर्च पाउडर व धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। सीबीगंज स्थित जीएमएस प्रोडक्ट्स से मटर पनीर मसाला, ग्रीन इलायची, आम अचार मसाला व साबुत मिर्च के नमूने लिए गए। जीएमएस प्रोडक्ट्स से 20.540 किलो मिर्च को सील किया गया। गंगापुर स्थित एसके संस, फरीदपुर के गौसगंज स्थित शिव रतन फूड इंडस्ट्रीज, परसाखेड़ा स्थित बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज, पक्काबाग स्थित मां भवानी ट्रेडर्स व रामपुर गार्डन स्थित केपीफिट हेल्थ प्योर से भी विभिन्न मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रथम राहुल सिंह ने बताया कि सभी 19 नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।