बरेली। बढ़ती आबादी के सापेक्ष स्वास्थ्य सेवा के विस्तार के लिए जिले में जल्द 19 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन शुरू होगा। नगर निगम सीमा में दस और चार नगर पालिकाओं में नौ आरोग्य मंदिर खुलेंगे। ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूरदराज के केंद्र तक न जाना पड़े। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर मलिन बस्ती, करीब 20 हजार की आबादी के क्षेत्र में संचालित किए जा रहे हैं। आरोग्य मंदिर संचालन का उद्देश्य स्वास्थ्य देखभाल की गुणवत्ता बढ़ाना, असमानताएं कम करना, दूरदराज के केंद्र तक पहुंचने में असमर्थता के चलते निजी अस्पताल या बगैर परामर्श मेडिकल स्टोर से दवा लेने पर अंकुश लगाकर बेहतर इलाज करना है। केंद्र पर रोग निवारक स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, प्रबंधन, मरीजों को सेवा की जानकारी देंगे।
नगर निगम और नगर पालिका में कहां खुलेंगे केंद्र
नगर निगम सीमा में महलऊ, कुसुमनगर, लीचीबाग, वीर सावरकरनगर, पटेल विहार, बड़ी बमनपुरी, मुस्तफा नगर, बाग अहमद अली, बाग ब्रिगटान, राजीव नगर कॉलोनी में केंद्र खुलेंगे। नगर पालिका में बहेड़ी में शाहगढ़, महादेवपुरम, आंवला में कच्चा कटरा, नई बस्ती गौटिया, फरीदपुर में मिरधान मोहल्ला, भूरे खां गौटिया, नबावगंज में पश्चिमी नई बस्ती, बगिया मोहल्ला, भटटा मोहल्ला में आरोग्य मंदिर खुलेंगे।
केंद्रों पर स्टाफ, मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाएं
चिकित्सक कक्ष, ओपीडी, औषधि भंडार एवं वितरण कक्ष, टीकाकरण, काउंसलिंग कक्ष, स्टाफ नर्स कक्ष, परीक्षण कक्ष, वेटिंग रूम, पंजीकरण कक्ष, स्टाफ, मरीज के लिए शौचालय, वेलनेस कक्ष, डे केयर रूम आदि सुविधा रहेगी। ब्यूरो