बरेली। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मॉडल पत्नी हसीन जहां ने अब हाईकोर्ट में अपने शौहर और उनके इशारे पर पुलिस के जुल्म की कहानी बयान कर इंसाफ मांगेंगी। बरेली में कानूनी राय लेने के बाद उन्होंने यह फैसला किया है। मेरा हक फाउंडेशन की फरहत नकवी भी उनके साथ प्रयागराज जाएंगी।
हसीन का शमी से करीब एक साल से विवाद चल रहा है। उन्होंने शमी के खिलाफ कई अदालतों में दहेज एक्ट, घरेलू हिंसा, मेंटीनेंस आदि मामलों के मुकदमे कर रखे हैं। दो दिन पहले शमी के पैतृक घर पहुंचीं हसीन को पुलिस ने रात में ही हिरासत में लेकर शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया था। इसके बाद हसीन ने डिडौली थाने की पुलिस पर बदसलूकी और गलत ढंग से हिरासत में लेकर रात भर साढ़े तीन साल की बेटी के साथ गंदे और मच्छरों वाले कमरे में कैद रखने का आरोप लगाया था। मंगलवार को वह मदद के लिए यहां आकर मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी से मिली थीं। फरहत ने बताया कि अमरोहा पुलिस का हसीन के साथ व्यवहार मानवता को शर्मसार करने वाला है। शमी उसे हर तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्हें अब हसीन के कपड़ों पर भी एतराज है जबकि शादी से पहले वह जानते थे कि हसीन मॉडल होने के नाते छोटे कपड़े भी पहनती है। शमी ने हसीन को तलाक भी नहीं दिया है। अगर वह अपने गुनाहों की माफी मांग लेते हैं और ऐसी गलती न दोहराने का संकल्प लेते हैं तो दोनों में समझौता हो सकता है। फरहत शुक्लवार को हसीन के साथ प्रयागराज जाकर वकीलों की राय लेंगी, उसके बाद शमी और पुलिस के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट दायर करेंगी।