नवरात्र के बाद संडे- एक ही दिन में 20 लाख रुपये का मीट खप गया
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। नवरात्र के खत्म होते ही रविवार को नॉनवेज का कारोबार 20 लाख बढ़ गया। रविवार को चिकन का दाम 180 रुपये की जगह 220 रुपये किलो रहा जबकि मटन रोजमर्रा के दाम 440 रुपये किलो पर ही बिका। जिन होटलों में नवरात्र के दिनों में 25-30 किलो चिकन मीट की खपत थी वह रविवार को 60 से 70 किलो तक पहुंच गई। हालांकि मटन में उतनी बढ़ोत्तरी नहीं हुई। चिकन कार्नरों पर भी भीड़ नजर आई। एडवांस बुकिंग में भी 25 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई। अनुमान के मुताबिक शहर में रविवार को चिकन 35 क्विंटल और मटन लगभग 22 क्विंटल बिका। आम दिनों में चिकन की बिक्री 20 क्विंटल और मटन की लगभग 7-8 क्विंटल ही होती है। पिछले नौ दिनों में चिकन का औसत पांच क्विंटल और मटन की दो क्विंटल रही है।
मीट विक्रेताओं की बात
नवरात्र में मीट सप्लाई 40 फीसदी ही रह जाती है। रविवार को मटन और चिकन की सप्लाई में तीन गुना बढ़ोत्तरी हुई। सोमवार को और बढ़ने की उम्मीद है। जो होटल वाले नवरात्र में 20-25 किलो का ही आर्डर दे रहे थे, रविवार को उसने 60 किलो से ज्यादा का आर्डर मिला। -
मोहम्मद मुस्तकीम, मीट सप्लायर
नवरात्र के दिनों में चिकन की मार्केट बहुत डाउन हो गई थी। रविवार को मार्केट ने तो तेजी पकड़ी ही साथ ही दामों में भी जबरदस्त उछाल आया। नवरात्र और उससे पहले मुर्गा 180 रुपये किलो था जो रविवार को 220 रुपये में बिका। - शादिक, चिकन थोक विक्रेता
नवरात्र में साठ फीसदी से ज्यादा सप्लाई कम हो गई थी। रविवार को थोड़ी तेजी आई। होटलों के आर्डर भी कम हो गए थे। रविवार को होटलों पर 60 फीसदी से ज्यादा मांग बढ़ी। सोमवार के लिए आर्डर भी बढ़े हैं। -शादाब नियाज, मीट थोक विक्रेता