बरेली। लोकसभा चुनाव में असामाजिक तत्वों और प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही रोकने के लिए बरेली जोन की सीमाओं को सील किया जाएगा। इसके लिए नौ जिलों में 350 बैरियर बनाए गए हैं। इनमें पीलीभीत जिले के दो बैरियर नेपाल की सीमा पर हैं। एडीजी ने बैरियर पर नजर रखने को पिकेट गठित की है। एडीएम और एएसपी स्तर के अधिकारी इन पर नजर रखेंगे।
बरेली जिले में 22 अंतरजनपदीय और 10 अंतरराज्यीय बैरियर बनाए गए हैं। बदायूं में इनकी संख्या 21, शाहजहांपुर में 28 है। पीलीभीत में 24 अंतरजनपदीय बैरियर, 6 अंतरराज्यीय बैरियर के साथ ही नेपाल सीमा पर दो अंतरराष्ट्रीय बैरियर बनाए गए हैं। इनके साथ ही मुरादाबाद में 70 अंतरजनपदीय व 11 अंतरराज्यीय बैरियर बनाए गए हैं। बिजनौर में ऐसे बैरियर की संख्या 11 अंतरजनपदीय, 12 अंतरराज्यीय व रामपुर में 45 अंतरजनपदीय, 15 अंतरराज्यीय है। अमरोहा में 12 और सम्भल में 61 अंतरजनपदीय बैरियर बनाए गए हैं।
424 पिकेट रहेंगी तैनात
- इन बैरियर पर नजर रखने को बरेली जोन में कुल 665 पिकेट गठित की गई हैं, इनमें बरेली में 58, बदायूं में 21, शाहजहांपुर में 104 व पीलीभीत में 58 पिकेट लगाई जाएंगी। मुरादाबाद में 103, बिजनौर में 198, रामपुर में 39, अमरोहा में 36 व सम्भल में 48 पिकेट लगाई जाएंगी।
- जोन के सारे जिलों की सीमा पर बैरियर लगाकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध लोगों और वस्तुओं को चेक करके कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से एडीएम और पुलिस के एएसपी स्तर के अधिकारी समन्वय करके यहां नजर रखेंगे। नेपाल सीमा पर खास निगरानी की जाएगी। - अविनाश चंद्र, एडीजी बरेली जोन