बरेली। उत्तर प्रदेश का हज कोटा बढ़ गया है। इस बढ़े कोटे का लाभ बरेली के आवेदकों को भी मिलेगा। इस बार बरेली से 1073 लोगों ने आवेदन किया है।
सेंट्रल हज कमेटी ऑफ इंडिया ने देश के सभी राज्यों के लिए हज कोटे की घोषणा कर दी है। इस साल हज कमेटी ने उत्तर प्रदेश के लिए कोटा बढ़ाया है, जो पिछले साल 29,851 के मुकाबले बढ़कर 30,237 हो गया है। बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को कुल 34,397 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि इस वर्ष के लिए सामान्य कोटा 27,237 है। बाकी खाली सीटों के विवरण के बाद प्राप्त कुल आवंटित कोटा 30,237 है।
प्रदेश में बढ़े कोटे का लाभ बरेली के कितने आवेदकों को मिलेगा, यह सीटें आने पर निर्भर करेगा। फिलहाल इस बार बरेली के अलावा मंडल के दूसरे जिलों शाहजहांपुर से 234, पीलीभीत से 123, बदायूं से 278 आवेदक हैं।