डीएम, एसएसपी अल्पसंख्यक आयोग में तलब
शहला ताहिर की बेटी समन ने की थी शिकायत
भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। नवाबगंज नगरपालिका चेयरमैन शहला ताहिर की बेटी के भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर पर उत्पीड़न के आरोपों का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने डीएम और एसएसपी को साक्ष्यों समेत तलब किया है। आरोपों पर सुनवाई 28 फरवरी को अल्पसंख्यक आयोग के नई दिल्ली कार्यालय में होगी।
शहला ताहिर की बेटी समन ताहिर ने 22 जनवरी, 2018 को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी मां ने नगरपालिका चुनाव में भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर के भाई की पत्नी प्रेमलता राठौर को पराजित किया है। वह चूंकि मुस्लिम समाज से हैं सो भाजपा जिलाध्यक्ष उनकी मां और पिता मोहम्मद ताहिर के खिलाफ प्रशासन पर दवाब बनाकर फर्जी मुकदमे लिखवा रहे हैं। समन ताहिर के अनुसार उच्च न्यायालय से दो मुकदमों में गिरफ्तारी के विरुद्ध स्टे होने के बाद भी परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। समन की शिकायत पर आयोग के सचिव ए. सेन गुप्ता की ओर से डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह और एसएसपी जोगेंद्र कुमार को संबंधित साक्ष्यों के साथ 28 फरवरी अपराह्न तीन बजे आयोग में तलब किया है।