मूल्यांकन में सामूहिक नकल की आशंका में पकड़ी गईं एलएलबी की 17 कॉपियों के मामले में संबंधित कॉॅलेज और परीक्षार्थियों पर गाज गिर सकती है, जिसमें बारह कॉपियां एक ही केंद्र की बताई जा रही हैं। पांच कॉपियां दूसरे केंद्र की हैं।
विवि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर नकल की पुष्टि होती है तो संबंधित कॉलेज डिबार होगा और उस दिन की परीक्षा भी निरस्त कर दी जाएगी। साथ ही परीक्षकों को निर्देश हैं कि मूल्यांकन के दौरान अगर किसी कॉपी पर शक हो तो तुरंत कोआर्डिनेटर को सूचित करें। वहीं मूल्यांकन से जुड़े एक शिक्षक का कहना है कि सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में सबसे ज्यादा नकल लॉ की परीक्षाओं में होती है। कई कॉपियों में कंटेंट समान मिलते हैं।
मूल्यांकन संख्या 15 पर 17 कॉपियों में अनुचित साधन के प्रयोग की बात सामने आने के बाद मामला यूएफएम अनुभाग को भेजा गया था। बारह कॉपियों में प्रश्न संख्या 3,4,5,8 व 9 एक ही क्रम में हल किए गए हैं। इन प्रश्नों का मैटर भी एक जैसा मिला। चार कॉपियों में समूह के क्रम संख्या 1,2,4,5 व 9 को ही हल किया गया, जिनका मैटर भी समान था। एक कॉपी पर परीक्षार्थी ने अपना मोबाइल नंबर लिखा। ताकि परीक्षक से संपर्क करके वह उसको प्रभावित कर सके। उड़न दस्ते ने भी सामूहिक नकल की पुष्टि की है। मामला खुलने के बाद कुलपति ने एमबीए विभाग के प्रोफेसर को जांच सौपी है।
परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि नकल की आशंका में 17 कापियों की जांच करा रहे हैं। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी और सेंटर डिबार किया जाएगा।