एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की
फतेहगंज पश्चिमी। बेटे को डी-फार्मा का डिप्लोमा दिलाने के नाम पर युवक ने एक व्यक्ति से 1.80 लाख रुपये ठग लिए। अब आरोपी युवक पिछले छह महीने से रुपये लौटाने को लेकर गुमराह कर रहा है। पीड़ित की तहरीर पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मो. मुस्ताक ने बताया कि एक मेडिकल काॅलेज में उनकी बेटी काम करती है। उसके साथ काम करने वाले थाना वा कस्बा नवाबगंज निवासी मोहसिन खान से उसकी मुलाकात हुई। इस दौरान आरोपी युवक ने बेटे को डी-फार्मा का डिप्लोमा दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित ने झांसे में आकर पहले 25 हजार रुपये दे दिए। उसके बाद करीब 1.55 लाख रुपये उसके खाते में भेज दिए।
समय पूरा होने पर जब डिप्लोमा मांगा तो आरोपी ने टालमटोल कर दो साल से अधिक का समय लगा दिया, लेकिन डी फार्मा का डिप्लोमा नहीं दिया। बाद में पीड़ित को एहसास हो गया कि उनके साथ ठगी हो गई है। वह जब रुपये लेने कॉलेज गया तो पता चला कि आरोपी नौकरी छोड़कर फरार हो गया है। पीड़ित नवाबगंज उसके घर गया तो रुपये देने को उसके पिता ने कह दिया, लेकिन नहीं दिए। संवाद