शाहजहांपुर। जिले के आठ मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा सकता है। इन केंद्रों पर बार-बार ईवीएम-वीवीपैट मशीन खराब हुई थीं। हालांकि, अभी रीपोलिंग की तारीख तय नहीं हुई है। बसपा-सपा गठबंधन प्रत्याशी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पुनर्मतदान का निर्णय कर सकता है। गठबंधन प्रत्याशी ने 184 मतदान केंद्रों पर ईवीएम, वीवीपैट मशीनें खराब होने की शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि इन पोलिंग स्टेशन पर उनका वोट बैंक था।
जिले में सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर ईवीएम-वीवीपैट मशीनें खराब हुईं। इससे मतदान प्रभावित हुआ। कई जगह रात में आठ बजे तक वोटिंग हुई थी। जिले का मतदान प्रतिशत 56.05 था। कई ऐसे मतदान केंद्र थे जहां मतदान सिर्फ 37-38 फीसदी ही हुआ। यहां ईवीएम-वीवीपैट मशीनें खराब होने से मतदान घंटों रुका रहा। गठबंधन प्रत्याशी अमर चंद्र जौहर ने आपत्ति जताते हुए एडीएम प्रशासन नरेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन देकर कम मतदान वाले केंद्रों पर रीपोलिंग की मांग की थी। मंगलवार को चुनाव प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अमृत त्रिपाठी ने प्रत्याशियों के साथ बैठक के साथ स्क्रूटनी की। सूत्रों ने बताया कि ऐसे आठ मतदान केंद्र हैं जहां दो घंटे से ज्यादा मतदान रुका रहा। चुनाव आयोग इन केंद्रों पर पुनर्मतदान की संस्तुति पर विचार कर रहा है। एक दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।
इन बूथों पर हो सकता है पुनर्मतदान-
जलालाबाद- बूथ संख्या 289
तिलहर- बूथ संख्या 68, 327, 368, 351
ददरौल- 371, 255, 140
कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम, वीवीपैट खराब होने की वजह से मतदान प्रभावित हुआ था। स्क्रूटनी के बाद इस संबंध में चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी गई है। जो भी आदेश मिलता है नियमानुसार काम किया जाएगा। - अमृत त्रिपाठी, डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी