बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा से एक दिन पहले फेसबुक पर डाली गई देशद्रोह की पोस्ट से बुधवार को पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पोस्ट में लिखा था कि मुख्यमंत्री की जनसभा में आतंकी हमला होगा और निर्दोष लोग मारे जाएंगे। पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए इसमें चार लोगों को दबोचा है। देर रात इस मामले में पकड़े गए चार लोगों में से एक अजयपाल पुत्र रतनलाल निवासी दहगवां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
फेसबुक आईडी जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां निवासी एक व्यक्ति की है। उसकी आईडी से फेसबुक पर पाक जिंदाबाद के नारे लिखे गए। उसके नीचे लिखा गया कि बुधवार को बिल्सी में मुख्यमंत्री की जनसभा में आतंकी हमला होगा, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे जाएंगे। उसके नीचे चार मोबाइल नंबर भी लिखे गए। बताया जा रहा है यह मोबाइल नंबर उसी व्यक्ति के हैं, जिसकी आईडी से फेसबुक पर पोस्ट डाली गई थी। इसके बारे में जरीफनगर पुलिस को बुधवार सुबह पता चला। पोस्ट पढ़ते ही थाना पुलिस ने तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने थाना पुलिस के साथ स्वॉट और सर्विलांस टीम को भी लगा दिया। पुलिस ने चार लोगों को दबोच लिया है। जिसकी फेसबुक आईडी प्रयोग की गई है, उससे भी पूछताछ की गई है। फिलहाल उसने खुद को बेगुनाह बताया है। उसने कहा कि उसके नाम से फर्जी आईडी बनाई गई है। देर रात इस मामले में पकड़े गए चार लोगों में से एक अजयपाल पुत्र रतनलाल निवासी दहगवां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
फेसबुक पर देशद्रोह से जुड़ी पोस्ट डाली गई है। हम इसकी जांच में जुटे हैं। देर रात इस मामले में पकड़े गए चार लोगों में से एक अजयपाल पुत्र रतनलाल निवासी दहगवां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर जरीफनगर