बरेली। जिला अस्पताल में मंगलवार को सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक मस्जिद के इमाम की जांच रिपोर्ट देखकर डॉक्टर हैरान रह गए। जांच रिपोर्ट देख डॉक्टरों ने दर्द को तो बदलते मौसम का असर करार दिया, लेकिन इमाम के शरीर की बनावट को खास बताया। डॉक्टरों ने बताया कि इमाम का दिल बायीं नहीं बल्कि दायीं तरफ है।
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा के गांव गाजीपुर मुगल निवासी मोहम्मद शामीर आलम भुता के गांव कल्यानपुर की एक मस्जिद में इमाम हैं। मो. शामीर मंगलवार को सीने में दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर ने उन्हें जांच कराने को कहा। ईसीजी की रिपोर्ट एक बार में ठीक नहीं आई तो उस पर मंथन करने के बाद दोबारा जांच की गई। इस बार शरीर में दिल की स्थिति बायीं नहीं बल्कि दायीं तरफ सामने आई। इस परिस्थिति की शामीर का एक्स-रे कराकर पुष्टि की गई। शामीर ने बताया कि करीब छह साल पहले भी उनको ऐसा ही दर्द उठा था। उस वक्त भी करीब दस एक्स-रे कराए थे, लेकिन कुछ नहीं निकला था। डॉक्टर ने बताया कि उनके सीने में दर्द मामूली गैस और मौसम में बदलाव की वजह से हो रहा है।