बरेली। जिला अस्पताल पहुंचे थैलेसीमिया के मरीज को आधार कार्ड न होने पर वार्ड से लौटा दिया गया। मरीज ने सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता से गुहार लगाई। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मरीज को भर्ती करा दिया। सीएमएस ने स्टाफ को कानून पढ़ाने से पहले मरीज का इलाज करने की हिदायत दी।
शेरगढ़ के गांव वैरमनगर निवासी 22 वर्षीय कासिद थैलेसीमिया के मरीज हैं। कासिद ने बताया कि सुबह काम करते वक्त उनके सीधे पैर में चोट लग गई थी। थैलेसीमिया का मरीज होने की वजह से घाव से खून रिसना बंद नहीं हो रहा था। जिसके चलते उन्हें फैक्टर चढ़वाने की जरूरत पड़ गई। कासिद के मुताबिक उसे वार्ड में आधार कार्ड न होने की वजह से लौटा दिया गया। सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता के कहने पर उसे फैक्टर चढ़ाया गया। कासिद को 2001 में थैलेसीमिया होने का पता चला था। 2013 में अंदरूनी रक्त रिसाव होने के चलते ऑपरेशन करवाना पड़ा था।