नहीं मिला दौलत गिरि, तलाश में जुटी पुलिस
तिलहर (शाहजहांपुर)। साध्वी प्रकरण में नामजद आरोपी दौलत गिरि की तलाश में हरियाणा गई पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि दौलत गिरि के नाम से पुलिस को एक फेसबुक आईडी का पता चला है। उस पर भी पुलिस निगाह रख रही है।
पुलिस के लिए दौलत गिरि की तलाश इसलिए और मुश्किल साबित हो रही क्योंकि उसके बारे में साध्वी के अलावा और किसी को कोई जानकारी नहीं है। साध्वी की हालत खराब होती जा रही है। वह बोल नहीं पा रही हैं, इसलिए पुलिस को अब उसका पता मिलना मुश्किल हो रहा है। पुलिस को अब तक की जांच में दौलत गिरि का नाम और हरियाणा निवासी ही पता लग पाया और इसी आधार पर पुलिस टीम उसे हरियाणा के मठ-मंदिरों में तलाश करती घूम रही है। पुलिस का मानना है कि दौलत गिरि के गिरफ्त में आ जाने से साध्वी प्रकरण की तस्वीर और भी खुलकर सामने आएगी।
बता दें कि साध्वी 23 नवंबर को आग से झुलस गईं थी। उन पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाने का आरोप तिलहर के व्यापारी पंकज गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता, अनिल गुप्ता और अनुराग गुप्ता पर लगाया गया। इस मामले में साध्वी की मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना वाले दिन व्यापारियों की लोकेशन हरिद्वार व लुधियाना में ट्रेस करने के बाद अब पुलिस पूरी तरह से दौलत गिरि की तलाश में जुट गई है। इस घटनाक्रम में दौलत गिरि का भी नाम साध्वी कोयल गिरि ने लिया था। दौलतगिरि पर साध्वी को मानसिक तौर पर टॉर्चर करने और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर बदनाम करने का आरोप है।