बारिश के बाद संक्रामक बीमारियां फैलने से स्वास्थ्य विभाग की भी सांस फूलने लगी है। वक्त पर सही इलाज न मिलने से जानलेवा बुखार की चपेट में आकर सात दिन में 45 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अब तक यह बताने की स्थिति में नहीं है कि आखिर यह कौनसा बुखार है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला जहां मौतों के कारणों की समीक्षा की बात कह रहे हैं, वहीं एडी (हेल्थ) का कहना है कि सीएमओ से रिपोर्ट तलब की है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे मेडिकल कैंप में 200 से ज्यादा बुखार के रोगी पहुंचे।
सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता के मुताबिक, जिला अस्पताल में बुखार से एक भी मौत नहीं हुई है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला बुखार से सात दिन में 45 मौतें होने के बावजूद बीमारी और उसके कारणों की समीक्षा करने की बात ही कह रहे हैं। एडी (हेल्थ) नरेंद्र कुमार ने यह तो स्वीकार किया कि जिले में बुखार के प्रकोप से हालात खराब हैं, लेकिन वह कौन सा बुखार है, यह नहीं बता सके। बोले, गांवों में मरीजों का बुखार सही डायग्नोस न होने से कुछ भी कहना मुश्किल है। यह पूछने पर कि अब तक कितनी मौतें हो चुकी हैं? बोले- ऑफिस पहुंचकर ही बता सकूंगा, लेकिन मंडल के सभी सीएमओ को अलर्ट जारी कर दिया है। उन्हें मोबाइल टीमें गठित करने को कहा गया है। सरकारी अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि बुखार से मौतें दरअसल सही इलाज न मिलने से हो रही हैं।
बुखार से एक सप्ताह के भीतर अब तक बिथरीचैनपुर इलाके में हर प्रसाद (45) रजऊ परसपुर, अनीता राजपूत (28) रजऊ परसपुर, खुशबू (12) पीतमपुर, बिशारतगंज क्षेत्र में हुसैन बख्स (55) नौहरा हसनपुर, बाबूसरन (3) ढकौरा, विमला देवी (45) ढकौरा, असद (35) भिडौंरा, मल्ले हुसैन (50) निसोई, नन्हे कश्यप (40) वलेई भगवंतपुर, शब्बन खां (45) बेहटा बुजुर्ग, साहब सिंह यादव (65) बिशारतगंज, बाबूराम (45) कंधरपुर, मोर सिंह यादव (70) बेहटा बुजुर्ग, अच्छू यादव (40) बेहटा बुजुर्ग, आलमपुर जाफराबाद क्षेत्र में रंजीत (6) चंनजरी बाल किशनपुर, चरन सिंह का छह दिन का नवजात बेटा, सिरौली क्षेत्र में यादराम (35) प्रेमराजपुर, गोविंद (25) लीलौर, ओमकार सागर (36) बड़ागांव, पप्पू कश्यप की दस साल की बेटी गांव हाजीपुर, अलीगंज इलाके में सलमान (10) मंडौरा, छोटेलाल (35) मंडौरा, मुकेश (11) बीबनी, आंवला इलाके में राधे (45) मोतीपुरा, गन्नू (60) मोतीपुरा, प्रेमलता (20) रामनगर, कल्यान मौर्य (60) मनौना, गफ्फ ार (45) मनौना, खुर्शीदन (32) मनौना, गुल्फि जा (11) मनौना, भमोरा क्षेत्र में प्रेमवती (50) देवचरा, कैसरी बेगम (42) हजरतपुर, सरिता (22) भमोरा, शोबक (55) जैतपुर शरीफ पुर, पप्पू (15) मिलक मझारा, सीबीगंज इलाके में धनीराम जोगीठेर, रामधुन जोगीठेर, एरीना जोगीठेर, मुनीश जोगीठेर, फरीदपुर क्षेत्र में योगेंद्र (3) गांव करपिया, मनीष (4) करपिया, अवधेश (16) करपिया, पूरन (4) करपिया, रघुवर दयाल (50) करपिया, गेंदन लाल (60) करपिया आदि की मौत हो चुकी है।