शाहजहांपुर-बरेली रेलखंड पर मीरानपुर कटरा और बिलपुर स्टेशनों के बीच पटरी टूटने से दो घंटे ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। इस दौरान गोंडवाना और सुहेलदेव एक्सप्रेस को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया। इससे पहले दो मालगाड़ी गुजर गईं थीं। कर्मचारियों में दबी जुबान में चर्चा है कि यह ट्रेनें भी टूटी पटरी से ही गुजरीं।
सोमवार रात करीब दो बजे मीरानपुर कटरा में लखनऊ की तरफ से आने वाली मालगाड़ी गुजारने के लिए सिग्नल दिया गया था, लेकिन लूप लाइन से मेन लाइन को जोड़ने के लिए प्वाइंट नहीं बना। लिहाजा ग्रीन सिग्नल नहीं हुआ। इस पर मालगाड़ी को कॉशन देकर धीमी गति से गुजार दिया गया। बाद में स्टेशन मास्टर कटरा के निर्देश पर रेलवे पोर्टल ने मौके पर जाकर देखा तो पटरी टूटी मिली। इस पर पीछे से आ रही सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया। तकनीकी स्टाफ को लगाकर पटरी पर करीब दो घंटे मरम्मत कार्य कराया गया। इसके बाद चार बजे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।