बाला जी के दर्शन को गए सुभाष नगर के एक ही परिवार के नौ लोगों की मथुरा में 11 जून 2017 को कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। उस समय केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, शहर विधायक डा. अरुण कुमार भी बुजुर्ग मां और उनके छोटे बेटे को सांत्वना देने उनके घर गए थे। परिवार को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया था पर एक साल बाद भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली।
बड़े बेटे, बहू, नाती, पोतों को खोने के बाद सुभाष नगर निवासी सीतारानी (66) घर में बचे इकलौते बेटे विनोद कुमार के साथ जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह के दफ्तर में मदद मांगने पहुंची। मां सीतारानी ने डीएम को बताया कि 11 जून 2017 को उनका बड़ा बेटा महेश कुमार शर्मा, बहू दीपिका शर्मा, पोतियां खुशबू और मानसी, पोते ऋतिक और हार्दिक, बेटी पूनम, नाती रोहन और नातिन सुरभि बाला जी जा रहे थे। मथुरा में इनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और हादसे में ड्राइवर समेत परिवार के सभी नौ लोगों की मौत हो गई। घर में कोई कमाने वाला नहीं रहा। उनका छोटा बेटा विनोद कुछ कमाने की स्थिति में नहीं है। वह दोनों आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उस समय तमाम नेताओं ने उनके घर आकर सरकार से मुआवजा और छोटे बेटे को नौकरी दिलाने की बात कही थी। एक साल बाद भी न नौकरी मिली, न ही मदद। जिलाधिकारी ने उनको बताया कि उनकी तरफ से आर्थिक सहायता की संस्तुति भेजी गई थी, मगर शासन से अभी मदद की मंजूरी नहीं मिली।