अलखनाथ रेलवे क्रासिंग की फंसी चाबी, श्रद्धालु हुए परेशान
- डेढ़ घंटे तक बंद रहा फाटक, गेटमैन पर हो सकती है कार्रवाई
बरेली। अलखनाथ रेलवे क्रासिंग पर गेट मैन की लापरवाही से सैकड़ों श्रद्धालु मुसीबत में फंस गए। पैसेंजर ट्रेन गुजारने के लिए बंद हुए फाटक की चाबी फंस गई। फाटक करीब डेढ़ घंटे तब बंद रहा। गेटमैन की सूचना पर इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने किसी तरह से फाटक खोला। मंडलीय अधिकारियों ने गेटमैन पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
बुधवार को अलखनाथ रेलवे क्रासिंग पर आम दिनों की अपेक्षा श्रद्धालु अधिक थे। शाम साढ़े छह बजे कासगंज-पीलीभीत पैसेंजर गुजारने के लिए गेटमैन सुनील कुमार ने क्रासिंग बंद किया। ट्रेन जाने के बाद उसने गेट खोलने का प्रयास किया तो चाबी फंस गई और काफी कोशिश के बाद भी नहीं निकली। गेट खुलने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं का धैर्य भी जवाब दे गया। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच दो अन्य ट्रेनें भी क्रासिंग से गुजर गईं। गेट न खुलने से बीबीएल और किला तक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम में यूपी-100 की गाड़ी भी फंस गई। श्रद्धालुओं ने आसपास अपने वाहन खड़े किए और पैदल ही मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। गेटमैन ने इंजीनियरिंग विभाग को सूचित किया। करीब आठ बजे टेक्नीशियन की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह से फंसी हुई चाबी को निकाला। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को गेट की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं सूत्रों का कहना है कि इस मामले में गेटमैन पर कार्रवाई हो सकती है।