बरेली। कमिश्नर डा. पीवी जगनमोहन ने मंडलीय सभागार में मंडल के एडीएम प्रभारी स्थानीय निकाय एवं सभी 59 ईओ की बैठक लेकर स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की। इस दौरान नगरीय क्षेत्रों मे खराब प्रगति पर उन्होंने 9 ईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। साथ ही एक माह की मोहलत देते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति ने होने पर निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिन स्थानीय निकाय की प्रगति खराब पाई गई। उनमें रिक्षा, सखानू, बजीरगंज, बरखेड़ा, कटरा, कलीनगर, जलालाबाद, पीलीभीत, बदायूं है।
कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। ईओ अपने हेडक्वार्टर पर ही अपना आवास बनाएं और कार्य में तेजी लाएं। प्रतिदिन कार्य कराकर प्रतिदिन रिपोर्ट अपलोड करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए पालीथीन को प्रतिबन्धित करें। नाले, नालियों तालाबों के कूडे़ के ढेर आदि जगह यह भारी मात्रा में गन्दगी रहती हैं। पॉलीथिन के थोक विक्रेताओं को पकड़कर कार्रवाई कराओ। बैठक में कमिश्नर नेनगरीय क्षेत्रों में सड़कों के गड्ढा मुक्त योजना की भी समीक्षा की गई। जिसमें बताया गया कि दातागंज, रोजा, आंवला, रिठौरा, शाही, सेंथल, खुदागंज को गड्ढा मुक्त किया जा चुका है। कमिश्नर ने कहा कि मात्र 6 दिन अवशेष हैं 15 जून तक सभी स्थानीय निकाय अपनी सड़कें गड्ढा मुक्त करा दें।