फतेहगंज पूर्वी। निवड़िया गांव में बुधवार की दोपहर तीन किसान फसल की सिंचाई कर रहे थे। अचानक पानी का बहाव रुकने पर वह खेत के उस ओर पहुंचे जहां पानी रुक रहा था। तभी अचानक जंगली सुअरों का झुंड उनके सामने आ गया। यह देख तीनों घबरा गए और शोर मचाते हुए भागने लगे, लेकिन सुअरों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और हमला करके लहूलुहान कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भी उनकी ओर दौड़े और लाठी-डंडों की मदद से जंगली सुअरों के झुंड को खदेड़कर तीनों को बचाया। परिजनों ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां एक किसान की हालत गंभीर बनी हुई है।
बुधवार करीब 12 बजे निवड़िया गांव के वीरपाल, गांव के ही चौधरी ब्रजपाल और बुद्घपाल के साथ खेत में गन्ने की फसल में पानी लगा रहे थे। अचानक पानी का बहाव ठहर गया तो वह उसे ठीक करने खेत की ओर गए। तभी गन्ने के खेत में सुअरों का झुंड उनके सामने आ गया। तीनों ने सुअरों को भगाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन सुअरों ने उन पर हमला बोल दिया और तीनों को काटकर लहूलुहान कर दिया। आसपास के खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे किसान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने बमुश्किल सुअरों के झुंड को दौड़ाकर तीनों की जान बचाई। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां ब्रजपाल की हालत गंभीर बनी हुई है।