फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पीटकर मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
धौरहरा/ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के गांव बेलागढ़ी के मजरा टेढ़ी गौढ़ी टपरा में सोमवार तड़के करीब तीन बजे डकैती डालकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में दो को घर वालों ने दबोच लिया। इस दौरान एकत्र हुई भीड़ ने दोनों बदमाशों को पीट-पीटकर मार डाला, जबकि तीन बदमाश फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे। पब्लिक एनकाउंटर में मारे गए बदमाश अंतरजनपदीय बदमाश बताए जा रहे हैं। उन पर हत्या, लूट, डकैती सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से जानकारी ली।
विज्ञापन

घटना सोमवार की तड़के करीब तीन बजे की है। रविवार की रात करीब तीन बजे ग्राम पंचायत बेला गढ़ी के मजरा गांव टेढ़ी गौढ़ी टपरा निवासी किशोरी लाल विश्वकर्मा के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। सबसे पहले बदमाशों ने किशोरी लाल के बड़े भाई सूबेदार विश्वकर्मा के कमरे से बक्से में रखे 50 हजार रुपये लूटे। इसके बाद दूसरे भाई किशोरी लाल के कमरे में दाखिल हुए। इस बीच बाल्टी गिरने की आवाज हुई, तो किशोरी लाल की नींद खुल गई वह चिल्लाए, जिस पर एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। शोरशराबा और फायरिंग की आवाज सुनकर चारों भाइयों ने हिम्मत जुटाते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीन बदमाश भाग निकले। इसी बीच ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों को जब पकड़ने की कोशिश की तो वह फायरिंग करते हुए लूटे गए 50 हजार रुपये समेत भाग निकले। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाशों को लाठी-डंडों से तब तक पीटा, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। पब्लिक एनकाउंटर में दो बदमाशों के मारे जाने की सूचना मिलते ही एएसपी घनश्याम चौरसिया सहित अन्य पुलिस अफसर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी पूनम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों और लूटपाट का शिकार बने पीड़ित परिवार से जानकारी की। मारे गए बदमाशों की पहचान थाना ईसानगर के गांव भदईपुरवा मजरा मिर्जापुर निवासी रहीश पुत्र अमजद और गांव त्रिकोलिया निवासी शाबिर पुत्र सुल्तान के रूप में हुई है। दोनों बदमाश अंतरजनपदीय हैं। इनकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाशों पर सीतापुर, लखीमपुर खीरी सहित अन्य जिलों में भी हत्या, लूट, चोरी आदि के संगीन कई मामले दर्ज हैं। मृत बदमाश रहीस थाना तंबौरा (सीतापुर) लूट के मामले में फरार चल रहा था। थाना ईसानगर पुलिस ने धौरहरा एसडीएम आशीष कुमार मिश्रा की मौजूदगी में शवों का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम को भेजा है।

चारों भाई एक घर में रहते हैं। बदमाशों की आहट पाकर भाइयों ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया था। भाइयों ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। इसी बीच ग्रामीण भी एकत्र हो गए। मकान मालिक और गांव वालों की पिटाई से दोनों बदमाशों की मौत हुई है। एक बदमाश फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मारे गए बदमाश शातिर अपराधी हैं। ग्रामीणों के बयान दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

- पूनम, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें