बरेली। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में सपाइयों ने भीड़ लाने को लेकर एक-दूसरे पर खूब तंज कसे। उनसे भीड़ इकट्ठी करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी बदले में सवाल दाग दिया। इसके चलते बैठक खूब हंगामेदार रही।
बरेली लोकसभा से सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार के समर्थन में चुनावी रैली के लिए 11 अप्रैल को अखिलेश यादव बरेली आ रहे हैं। लखनऊ से पूर्वाह्न 11.25 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह हेलीकॉप्टर से संभल और अमरोहा में सभा करने के बाद दोपहर 3.15 बजे इस्लामिया ग्राउंड पहुंचेंगे। एक घंटे के कार्यक्रम के बाद वह लखनऊ लौट जाएंगे। इसकी तैयारी को लेकर शनिवार को भगवत सरन गंगवार के चुनाव कार्यालय पर बैठक बुलाई गई थी। इस दौरान कार्यक्रम में भीड़ जुटाने को लेकर शुरू हुई बात तंज में तब्दील हो गई। पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव सभी से भीड़ लाने के बारे में पूछ रहे थे तो हरीशंकर यादव ने सवाल किया कि हम तो भीड़ लाएंगे ही, मंच पर बैठे लोग कितनी भीड़ लाएंगे। आदेश यादव ने कहा कि पैराशूट नेता, जिन्हें पद मिल रहे हैं वे कितनी गाड़ियां लाएंगे। महिला नेता नीरज तिवारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारे टाइम में खूब भीड़ रहती थी, जिन्हें मंत्री बनाया गया उनसे भी तो पूछो कितनी भीड़ लाएंगे। हम भीड़ लाएंगे तो कौन सा पद मिलेगा। वरिष्ठ नेताओं ने बीच में पड़कर शब्द बाणों को बंद कराया। इस दौरान पूर्व विधायक अताउर्रहमान, महिपाल सिंह यादव, जफर बेग, कदीर अहमद, संजीव यादव, योगेश यादव, सूरज यादव, डॉ. साधना मिश्रा, नीरज तिवारी, भारती चौहान आदि मौजूद रहीं।