बरेली। बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस रविवार से टनकपुर तक जाएगी। ट्रेन बिजौरिया (नवाबगंज) और भोजीपुरा स्टेशनों पर भी रुकेगी। पीलीभीत में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और टनकपुर में सांसद अजय टम्टा हरी झंडी दिखाकर ट्रेन रवाना करेंगे। शनिवार शाम ट्रेन की खाली रैक टनकपुर स्टेशन पहुंच गई।
दिल्ली से बरेली तक आने वाली बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस अब टनकपुर से दिल्ली रवाना होगी। ट्रेन सुबह 9.55 बजे टनकपुर से चलकर 10.10 बजे बनबसा, 10.35 बजे खटीमा, पूर्वाह्न 11.30 बजे पीलीभीत, 12 बजे बिजौरिया, 12.38 बजे भोजीपुरा, 12.56 बजे इज्जतनगर, 1.50 बजे सिटी स्टेशन, 2.10 बजे जंक्शन से आंवला, चंदौसी होते हुए दिल्ली रवाना होगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 12.45 बजे जंक्शन, 1.05 बजे सिटी स्टेशन, 1.26 बजे इज्जतनगर, 1.48 बजे भोजीपुरा, 2.13 बजे बिजौरिया, 2.55 बजे पीलीभीत, 4.03 बजे खटीमा, शाम साढ़े चार बजे बनबसा होते हुए पांच बजे टनकपुर पहुंचेगी। दस मार्च को सुबह 9.55 बजे सांसद अजय टम्टा और विधायक कैलाश गहतोड़ी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे का कार्यक्रम पीलीभीत में तय किया गया है, जहां केंद्रीय बाल विकास मंत्री मेनका गांधी पीलीभीत स्टेशन पर ट्रेन का स्वागत करेंगी और हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना करेंगी।
इज्जतनगर से सिटी स्टेशन तक 50 मिनट में तय होगी दूरी
बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस इज्जतनगर से सिटी स्टेशन की चार किलोमीटर दूरी एक घंटे में तय करेगी। ट्रेन दोपहर 12.56 बजे इज्जतनगर स्टेशन से चलकर 1.50 बजे सिटी स्टेशन पहुंचेगी। मंडलीय अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन 12.56 बजे इज्जतनगर स्टेशन पहुंचेगी। पांच मिनट रुकने के बाद 1.50 बजे सिटी स्टेशन पहुंचेगी।