इज्जतनगर स्टेशन पर एस्केलेटर की सुविधा शुरू
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। इज्जतनगर स्टेशन पर एस्केलेटर की शुरुआत होने से महिला और बुजुर्ग यात्रियों ने राहत की सांस ली है। इसके साथ ही प्लेटफार्म पर सेल्फी प्वाइंट की भी शुरूआत हुई। अधिकारियों का मानना है कि सेल्फी प्वाइंट बनने से हादसों में कमी आएगी।
बृहस्पतिवार को इज्जतनगर स्टेशन पर केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने एस्केलेटर और सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इज्जतनगर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाया गया है। भारतीय रेलवे आधुनिक सुख-सुविधाओं से सुसज्जित होकर अपनी नई पहचान बनाने में सफल हुआ है। शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने इज्जतनगर स्टेशन को मंडल का सबसे अधिक यात्री सुविधाओं वाला स्टेशन बताया। इज्जतनगर मंडल के एडीआरएम आशीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि एस्केलेटर के शुरू होने से बुजुर्ग और महिला यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने में आसानी होगी। इस मौके पर बहेड़ी विधायक छत्रपाल सिंह, आनंद सरन आदि उपस्थित थे। संचालन सीनियर डीसीएम नीतू ने किया। ब्यूरो