बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र में लावारिस मवेशी एक बालक की मौत के बाद आज तक काबू नहीं हो सके हैं और न ही प्रशासन उनका कुछ इंतजाम कर सका है। इसके परिणामस्वरूप बेकाबू सांड़ ने एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया और उसे घायल कर दिया।
ग्राम बनवहेटा निवासी खुशबू सैफी रात करीब साढ़े नौ बजे अपने गेहूं की फसल की रखवाली कर रहा था। उसी समय उनके खेत में आवारा गोवंशीय पशुओं का एक झुंड घुस गया। उन्होंने डंडा लेकर पशुओं को बाहर निकालने का प्रयास किया कि तभी एक सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड़ ने उन्हें अपने सींगों पर उठा लिया और जमीन पर पटक दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में अपनी फसल रखवाली कर रहे किसान दौड़ पड़े। उन्होंने पटाखे आदि छोड़े और मवेशियों को लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया। तब कहीं उनकी जान बचाई जा सकी। परिवार वाले खुशबू सैफी को सिरासौल में प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए और उनकी मरहम पट्टी कराई। क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि छुट्टा मवेशियों की संख्या बढ़ गई है। इससे लोगों की जान को खतरा है और उनकी फसल बर्बाद हो रही है। उन्होंने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।