बरेली। एलएलबी, एलएलएम, बीबीए, बीसीए समेत कई प्रोफेशनल कोर्स के रिजल्ट एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय गुरुवार को जारी करेगा। प्रैक्टिकल के अंक न भेजने वाले कई कॉलेजों के रिजल्ट रोके जाएंगे। हालांकि प्रैक्टिकल के अंक आने के बाद इनके रिजल्ट अपडेट कर दिए जाएंगे। इन कॉलेजों को 31 जनवरी तक का वक्त दिया गया है।
प्रोफेशनल कोर्स का मूल्यांकन कार्य लगभग पूरा चुका है। कुछ कोर्स तो ऐसे हैं जिनका मूल्यांकन कई दिन पहले ही पूरा हो गया था, लेकिन प्रैक्टिकल के अंक न आने के कारण इनके रिजल्ट नहीं जारी किए गए। कॉलेजों को पहले 30 नवंबर तक प्रैक्टिकल के अंक ऑनलाइन अपलोड करने थे, लेकिन कॉलेजों अंक अपलोड नहीं किए। बाद में विश्वविद्यालय ने तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी। कॉलेजों को चेतावनी दी कि अगर अंक अपलोड नहीं किए तो वेबसाइट लॉक कर दी जाएगी। तमाम कॉलेजों ने अंक नहीं भेेजे तो विश्वविद्यालय ने तिथि बढ़ाकर 20 जनवरी की। इसके बावजूद कॉलेजों ने अंक भेजने में लापरवाही दिखाई। अब प्रोफेशनल कोर्स के रिजल्ट जारी होने हैं। विश्वविद्यालय ने ऐसे कॉलेजों के रिजल्ट प्रैक्टिकल के अंक आने तक रोकने का फैसला किया है। इन कॉलेजों को 31 जनवरी तक की मोहलत दी है। प्रैक्टिकल के अंक आने के बाद इनके रिजल्ट अपडेट किए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार का कहना है कि गुरुवार को कुछ प्रोफेशनल कोर्स के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। जिन कॉलेजों ने प्रैक्टिकल के अंक नहीं भेजे उनके रिजल्ट रोके जाएंगे। जिन कॉलेजों ने अंक नहीं भेजे हैं उनको 31 जनवरी तक की मोहलत दी है। अंक मिलने के बाद उनके रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।