फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉक्टर ने मांगी रिश्वत... नर्स को एक हजार दे दो

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। जिला अस्पताल में इलाज सरकार ने भले ही मुफ्त रखा हो, लेकिन डॉक्टर और स्टाफ ने हर सुविधा का रेट फिक्स कर दिया है। ताजा मामला शीशगढ़ की 80 वर्षीय जगवती के कूल्हे की हड्डी के ऑपरेशन का है। उनके पोते राहुल मिश्रा का आरोप है कि डॉ. शिव दत्ता ने ऑपरेशन के बाद नर्स को एक हजार रुपये देने के लिए विवश किया। बतौर साक्ष्य उसने तीन ऑडियो क्लिप भी जिला अस्पताल प्रशासन को सौंपी है। रिश्वत मांगने के सनसनीखेज मामले में सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने तीन वरिष्ठ डॉक्टरों की समिति का गठन करके जांच बैठाई है। वहीं राहुल ने कोतवाली पुलिस को भी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर सौंपे जाने के बाद डॉ. शिव दत्ता कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने उन्हें बृहस्पतिवार सुबह तक का समय दिया है कि अगर सीएमएस डॉक्टर की तरफ से यह कह दें कि गलती हुई है तो रिपोर्ट दर्ज नहीं करेंगे। अन्यथा लिखा पढ़ी की जाएगी। अब यह मामला पूरे अस्पताल में चर्चा का विषय है।
विज्ञापन


ताऊ आएंगे तब देंगे.. कहकर टाला
भाजपा के आंवला क्षेत्र से लोकसभा चुनाव संचालन के मीडिया प्रभारी राहुल मिश्रा ने बताया कि उनकी दादी 80 साल की जगवती निवासी अभयपुरा उर्फ जोखनपुर को कूल्हे की हड्डी का फ्रैक्चर हुआ था। बेड संख्या 35 पर भर्ती किया गया था। बुधवार को उनका ऑपरेशन डॉ. शिव दत्ता ने किया था। रॉड डालने के लिए बाहर से खरीदवाई गई। बाद में ऑपरेशन थिएटर में बुलाकर नर्स को एक हजार रुपये देने के लिए कहा गया। उन्होंने ताऊ सुरेश चंद्र मिश्रा के आने पर देने की बात कहकर टाला।

पॉवर ड्रिल मशीन किराये के लिए एक हजार
डॉ. शिव दत्ता ने बताया कि ऑपरेशन के लिए पॉवर ड्रिल मशीन को किराये पर मंगवाया जाता है। जिसका किराया एक हजार रुपये देने को कहा था। मुझे पूरे मामले में फंसाया जा रहा है। ऑपरेशन के लिए पूरा सामान भी तीमारदार खुद ही खरीदकर लाया था। ऐसे मामले में पहले ही तीमारदार को बता दिया जाता है।
विज्ञापन


‘तीमारदार की शिकायत आने के बाद ऑडियो को सुना गया है। डॉ. सागर, डॉ. धस्माना, डॉ. गौतम को शामिल करके जांच समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। जांच में पुलिस का भी सहयोग किया जाएगा।’
- डॉ. केएस गुप्ता, सीएमएस


ऑडियो क्लिप नंबर एक :
तीमारदार : हैलो..
डॉक्टर : मैं तुम्हारा मरीज देख आया हूं .. ठीक है। उसे एक घंटे तक इलेक्ट्राल का पानी या नीबू नमक का पानी देना
तीमारदार : जी..
डॉक्टर : और वो सिस्टर से जाकर मिल लो, परवीन है। उससे जाकर बात कर लो। ठीक है।
तीमारदार : और खाने में क्या देना है।
डॉक्टर : अभी पानी वानी तो पिलाओ, खाना मत देना और वो सिस्टर परवीन से जाकर बात करो।
तीमारदार : ठीक है बात करता हूं।

ऑडियो क्लिप नंबर दो :
डॉक्टर : हैलो
तीमारदार : नमस्कार सर, ताऊ जी आ गए सर, किसको देना है पैसा।
डॉक्टर : सिस्टर को दिला दो
तीमारदार : नाम क्या है सिस्टर का सर
डॉक्टर : अरे यहां अंदर आकर दे दो यार
तीमारदार : अंदर किसको देना है कुछ नाम बता देते
डॉक्टर : ओटी में आओ.. ऐसे नहीं।

ऑडियो क्लिप नंबर तीन :
तीमारदार : हैलो सिस्टर परवीन को कुछ कहना है क्या सर
डॉक्टर : अरे वो उसको पेमेंट जो देना है वो दो तुम उसको मशीन का
तीमारदार : अच्छा मशीन का उन्हें पेमेंट करना है
डॉक्टर : अरे .. यार एक बात बताओ ये कहां से आएगा। डेढ़ डेढ़ लाख की मशीनें हैं। एक हजार रुपये लेता है। हम कहां से देंगे तुम खुद से सोचो यार। तुमसे किसी ने पैसा मांगा बताओ
विज्ञापन

तीमारदार : नहीं ..।
डॉक्टर : फिर उतना ही काम कराओ, जितना हम कर सकें। हजार रुपये सिस्टर को दे दो।
तीमारदार : अच्छा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें