खुदागंज(शाहजहांपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगवानी के लिए क्रांतिकारी शहीद रोशन सिंह का पैतृक गांव नवादा दरोबस्त पूरी तरह तैयार है। सभास्थल समेत, हेलीपैड, मंच आदि व्यवस्थाओं को शनिवार को मंडलायुक्त रणवीर सिंह, डीएम अमृत त्रिपाठी, आईजी डीके ठाकुर, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने फाइनल टच दिया। सभी स्थानों पर रिहर्सल भी किया गया। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद ने भी व्यवस्थाएं देखीं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रविवार दोपहर 12:25 बजे गांव में बने हेलीपैड पर उतरेगा। सीएम की फ्लीट भी शनिवार को यहां पहुंच गई।
शहीद रोशन सिंह के गांव में वर्ष 2002 के बाद कोई मुख्यमंत्री पहुंच रहा है। इससे पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने गांव का दौरा किया था। इस गांव को चार साल पहले सांसद कृष्णाराज ने गोद लिया था। काफी विकास कार्य हुए, काफी बाकी भी हैं। रविवार को मुख्यमंत्री यहां करीब 250 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें राजकीय डिग्री कॉलेज, देवहा नदी पर पुल, परौर में कन्या इंटर कॉलेज, नवादा दरोबस्त में पंचायत भवन, सीएचसी आदि शामिल हैं। गांव के लोग मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। शनिवार को पूरा दिन मंडल और जिला स्तर के अधिकारी गांव में डेरा जमाए रहे। सभा स्थल पर 10 हजार से ज्यादा कुर्सियां बिछाने का काम भी पूरा कर लिया गया। मंच पर 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आठ मोबाइल टॉयलेट बनाए गए हैं। सभा स्थल पर ही वीआईपी सेफ व सेफ हाउस बनाया गया है।
बहेड़ी में की गई पार्किंग व्यवस्था
खुदागंज। मुख्यमंत्री की सभा में आने वाले वाहनों के लिए पार्किँग की व्यवस्था पड़ोसी गांव बहेड़ी के पास की गई है। सभा स्थल पर चार गेट बनाए गए हैं। इनमें एक वीआईपी गेट होगा। एक गेट मुख्यमंत्री, उनके सुरक्षा दस्ता के लिए आरक्षित रखा गया है। मंच के आसपास भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शनिवार शाम से ही वीआईपी ड्यूटी के लिए पुलिस फोर्स गांव पहुंच गई।
सुरक्षा टीम ने लिया जायजा
खुदागंज। मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम ने सभास्थल, हेलीपैड, शहीद स्थल और मंच का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर बैठने वालों की सूची भी एसओजी ने तलब कर ली है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एसओजी के अलावा चार एसपी, 14 डीएसपी, 35 एसएचओ, 100 एसआई, 450 सिपाही और दो कंपनी पीएसी भी मुस्तैद रहेगी। मंच की सुरक्षा एसओजी संभालेगी।