बरेली। शासन के निर्देश पर कृषि विभाग के अफसरों ने शहर और ग्रामीण इलाकों की एक दर्जन से अधिक कीटनाशक दुकानों पर टीम बनाकर छापा मारा, इसमें खाद और कीटनाशक में तमाम तरह की अनियमितताएं मिलीं। खाद-बीज के 12 नमूने भरे गए। तीन दुकानदारों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र चौधरी और भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद यादव के नेतृत्व में विभागीय निरीक्षकों ने तहसील सदर के सीबीगंज, परसाखेड़ा और फतेहगंज पश्चिमी में कीटनाशक और खाद बीज की एक दर्जन दुकानों से खाद-बीज के 12 नमूने एकत्र किए गए। इनको परीक्षण के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। मैसर्स बालाजी बीज भंडार फतेहगंज पश्चिमी, श्याम फर्टिलाइजर्स फतेहगंज पश्चिमी और दीप्ति खाद भंडार फतेहगंज पश्चिमी, औधानिक समिति मीरगंज में अनियमितताएं मिलने पर इनके लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए। चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद कीटनाशक विक्रेेताओं पर कार्रवाई की जाएगी।