बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मेजबानी में खेली गई नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेबल टेनिस महिला प्रतियोगिता में इस बार भी दिल्ली यूनिवर्सिटी का दबदबा रहा। पिछले साल की विजेता दिल्ली यूनिवर्सिटी ने फाइनल में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को हराकर खिताब पर कब्जा बरकरार रखा। पिछले साल की उपविजेता पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला अपना स्थान नहीं बचा सकी। पटियाला को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पटियाला को पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के हाथों हार झेलनी पड़ी।
रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला मैच पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया। इलाहाबाद की टीम ने पिछले साल की उपविजेता पटियाला को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के लिए पटियाला और चंडीगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें चंडीगढ़ ने 3-1 से जीत दर्ज की। पटियाला चौथे स्थान पर रही। इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला गया। दिल्ली यूनिवर्सिटी और इलाहाबाद दोनों की टीमें मजबूत मानी जा रही थी। दोनों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। बेस्ट ऑफ फाइव में दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 3 मुकाबले जीते तो इलाहाबाद 2 मुकाबले ही जीत सका। इस तरह दिल्ली ने 3-2 से फाइनल जीता। प्रतियोगिता के समापन पर कुलपति प्रोफेसर अनिल शुक्ल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और मेडल प्रदान किए। इस मौके पर क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एके जेटली, प्रोफेसर जेएन मौर्या, संजीव सक्सेना, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. एके सिंह, डॉ. हेम गौतम, ओपी मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, रोहित आदि मौजूद रहे।