गुलड़िया। आंवला प्रीमियर लीग में रविवार को लीग मैच समाप्त हो गए। इसमें कुल 16 टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अब पहला क्वार्टर फाइनल मैच सोमवार को होगा।
गुलड़िया गौरी शंकर में चल रहे आंवला प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच के अंतर्गत रविवार को तीन मैच खेले गए। इन खेलों के साथ ही लीग मैच रविवार को समाप्त हो गए।
रविवार को पहला मैच वीवनी और भजनई गांव के मध्य हुआ, जिसमें बीवनी गांव की टीम आठ रन से विजयी रही। यहां गुड्डू मैन ऑफ द मैच रहे। पहले ही पारी में दूसरा मैच खटेटा और गुलड़िया गांव के बीच हुआ। इस मैच को गुलड़िया की टीम ने 5 विकेट से जीत लिया। द्वितीय पाली में बहरौली (मीरगंज) और लभारी के मध्य भिड़ंत हुई।
इसमें पहले खेलते हुए लभारी ने 12 ओवर में 76 रन का लक्ष्य रखा। जिसे बहरौली की टीम ने 10 ओवर में 77 रन बनाकर जीत लिया। इस टीम की तरफ से सोनू मैन ऑफ द मैच रहे। इसके साथ साथ ही रविवार को एपीएल के लीग मैच समाप्त हो गए।
अब क्वार्टर फाइनल सोमवार से खेले जाएंगे। इसमें पहला मैच रुखाडा और मदकारा के मध्य होगा, जबकि द्वितीय पाली में चांदपुर और आलमपुर की टीमों के मध्य मैच खेला जाएगा। रविवार को विजेता तीनों टीमों के खिलाड़ियों को ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सोमवार को पहले क्वार्टर फाइनल मैच में भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में रहेंगे। संवाद