बरेली। मलयेशिया में 26 जून को साइंटिफिक एंड एजुकेशनल रिसर्च सोसायटी की ओर से आयोजित चौथी इंटरनेशनल कांफ्रेंस ‘इनोवेटिव अप्रोचेज इन एप्लायड साइंस’ में बरेली मंडल के दो प्रोफेसर को उनके उत्कृष्ट शोधकार्य के लिए सम्मानित किया गया है। इसमें बरेली कॉलेज के जन्तु विज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बीनम सक्सेना को वूमेन साइंस्टिस्ट और शाहजहांपुर एसएस कॉलेज के जन्तु विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र को यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड से नवाजा गया है।
बीनम सक्सेना ने बताया कि उन्हें खाद्य पदार्थों में मिलाए जाने वाले रंगों से होने वाले टॉक्सिसिटी पर किए गए शोध के लिए सम्मानित किया गया है। वहीं, डॉ. रमेश चंद्र्र को ‘रामगंगा नदी में जल प्रदूषण का मछलियों पर प्रभाव एवं जल गुणवत्ता की वर्तमान स्थिति’ पर किए गए उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। शिक्षकों को ये अवार्ड सोसाइटी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने प्रदान किया। सम्मान से नवाजे जाने पर शिक्षकों ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और गुरुजनों को दिया है।