फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मॉब लिंचिंग के विरोध में मुस्लिम संगठनों का प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। मॉब लिंचिंग पर शुक्रवार को जहां मुस्लिम संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया, वहीं जुमे की नमाज के बाद नमाजियों ने मारे गए तबरेज अंसारी की मगफिरत के लिए दुआ भी की। दूसरी तरफ उलमा ने भी मुखालफत में बयान जारी किए हैं।
विज्ञापन

ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएससी) के सैकड़ों कार्यकर्ता जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर निकले और मॉब लिंचिंग के खिलाफ प्रदर्शन किया। वह कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करना चाहते थे। मगर पुलिस प्रशासन ने बिहारीपुर चौकी के निकट खलील हायर सेकेंडरी स्कूल तिराहे पर ही उन्हें रोक दिया। सिटी मस्जिस्ट्रेट ने वहां पहुंचकर ज्ञापन लिया। ज्ञापन आरएसी के नायब सदर मौलाना अदनान रजा कादरी के नेतृत्व में दिया गया। पांच सूत्री ज्ञापन में खास तौर से हाल की झारखंड में तबरेज अंसारी की घटना का उल्लेख किया गया है। साथ ही इस तरह की घटनाओं को दहशतगर्दी का हिस्सा बताते हुए कहा गया है कि लग ही नहीं रहा देश में कानून का राज है। ज्ञापन में राष्ट्रपति से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग करते हुए देश में खुशहाली और अमन का माहौल बनाने का अनुरोध किया गया है। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में अदनान मियां के साथ उस्मान रजा खां, मोहसिन हसन खां, सैयद शुएब रजा, अब्दुल्ला रजा कादरी, अब्दुल हलीम खां, हाफिज इमरान रजा, जाबिर अली, जुनेद खां, मौलाना उमर रजा, मौलाना इरशाद रजा आदि शामिल थे।
इसी तरह ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी की ओर से जुमे की नमाज से पहले मॉब लिंचिंग और प्रदेश में बढ़ते अपराध के मुद्दे पर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इससे पहले बड़ा वकालतखाना स्थित पार्टी के जिला कैंप कार्यालय पर बैठक हुई, जिसमें मॉब लिंचिंग और अपराध पर चर्चा के बाद चौकी चौराहा मस्जिद के बाहर नमाज न पढ़ने देने की भी आलोचना की गई। ज्ञापन और बैठक में शामिल होने वालों में मोहम्मद आसिफ शेख, नौशाद हुसैन, शब्बीर अहमद, अन्ने सकलैनी, इरफान अंसारी, मुख्तार अंसारी, गुलाम नबी, अली बक्श आदि शामिल रहे।
विज्ञापन


तबरेज की मगफिरत के लिए दुआ
बरेली। मॉब लिंचिंग का शिकार हुए झारखंड के तबरेज अंसारी की मगफिरत के लिए जुमे की नमाज के बाद नौमहला स्थित दरगाह नासिर मियां पर नमाजियों ने खुसूसी दुआ की। इससे पहले युवा बरेली सेवा क्लब की सभा हुई, इसमें क्लब अध्यक्ष गुलफाम अंसारी ने मॉब लिंचिंग को समाज के लिए जहर बताया। उन्होंने कहा कि देश को इससे बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। आला हजरत ट्रस्ट के चंगेज खान ने कहा कि कोई समाज नफरत की सीख नहीं देता तो ये नफरत फैलाने वाले किस समाज के हैं जो दरिंदगी फैला रहे हैं। आखिर में देश के भाई चारे के लिए दुआ की गई। बैठक में सूफी वसीम मियां साबरी, हनीफ खान, रिजवान साबरी, हाजी यासीन कुरैशी, मोहसिन इरशाद आदि मौजूद रहे।

मॉब लिंचिंग के खिलाफ बने बिल
बरेली। जुमे की नमाज के बाद ऑल इंडिया फैजाने मदीना कौंसिल की ओर से तबरेज अंसारी की मौत पर दुख जताते हुए खिराजे अकीदत पेश की। संगठन के अध्यक्ष मुईन सिद्दीकी नूरी ने कहा है कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह जल्द मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून का बिल लोक सभा में पारित करे। ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

मॉब लिंचिंग देश के लिए घातक
बरेली। मॉब लिंचिंग पर शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम ने कहा है कि यह गलत हो रहा है। ऐसी घटनाएं देश के लिए घातक हैं। इस पर हुकूमत को नजर करना चाहिए। इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह सेक्युलर मुल्क है, इसमें सबको साथ लेकर चलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा है सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। तो सभी का भरोसा जुटाना आवश्यक है।

मुल्क पर बदनुमा दाग है मॉब लिंचिंग
बरेली। तंजीम उलमा इस्लाम के महासचिव मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि यह घटना निहायत शर्मनाक है। यह सिलसिला नहीं थमा तो देश में नफरत फैलेगी। अमन, शांति और एकता का माहौल खराब होगा। उन्होंने बताया कि तंजीम की झारखंड इकाई के लोगों ने मौके पर पहुंच कर वहां के माहौल को संभाला था और उच्च अधिकारियों से मिल कर एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही तबरेज के परिवार को दस लाख रुपये सहायता देेने की भी मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें