बरेली। जलभराव की समस्या के साथ ही कई क्षेत्रों में कूड़ा कचरे का ढेर लगा होने से लोग परेशान हैं। गुरुवार को वार्ड संख्या 47 की फूलबाग निवासी महिलाओं ने नगर आयुक्त से इन दोनों समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की। बताया कि उनके घर के सामने दो दिन से जलभराव है और कूड़ा भी फैला हुआ है, जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है।
निवासी देवकी, बबली, मुन्नी, नीलम, रेशमवती के मुताबिक पिछले कई दिनों से सफाईकर्मी कूड़ा उठाने नहीं आ रहे हैं, जिससे जलभराव से बीमारियां फैलने का खतरा बना है। उनकी गली में नाली भी नहीं बनी है, जिसके कारण और भी ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्होंने कई बार अपने पार्षद से अपनी समस्या की शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर उन्होंने नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर अपनी समस्या के समाधान की मांग की है।