बरेली। जान की खतरा जताने के बाद नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. को एसएसपी मुनिराज जी. ने एक अन्य गनर देने के आदेश जारी कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को उन्हें गनर मुहैया करा दिया जाएगा।
बता दें कि नगर आयुक्त ने डीएम और एसएसपी को निगम में पिछले दिनों हुए धरना प्रदर्शन का हवाला देकर पत्र लिखा था। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि धरना प्रदर्शन के दौरान निगम के जन प्रतिनिधियों के अलावा कुछ बाहरी तत्व भी सक्रिय रहे हैं। इसके चलते उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। वर्तमान में एक गनर सुरक्षा के लिए तैनात है, जो सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक ड्यूटी करता है। इसके उपरांत रात में निवास पर सुरक्षा हेतु कोई गनर तैनात नहीं है। इसके चलते उन्होंने रात्रि के लिए एक अतिरिक्त गनर उपलब्ध कराने की मांग की थी। नगर आयुक्त के पत्र का संज्ञान लेकर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह के आदेश पर एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने भी एसएसपी को पत्र लिखकर उन्हें गनर उपलब्ध कराने को कहा था। इसके बाद बुधवार को एसएसपी ने नगर आयुक्त को गनर देने की मंजूरी दे दी है। आरआई ने कहा है कि बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त को एक अन्य गनर दे दिया जाएगा।