बरेली। ताजुश्शरीया हजरत अख्तर रजा खां (अजहरी मियां) का पहला उर्स इस्लामियां इंटर कालेज में होने जा रहा है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इसे लेकर जिले भर के इमामों की बैठक मंगलवार को दरगाह आला हजरत पर साढ़े सात बजे से होने जा रही है।
उर्स की तैयारियों को लेकर उर्स स्थल इस्लामियां इंटर कालेज मैदान पर होने वाले उर्स को लेकर खाका लगभग तैयार कर लिया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को जमात रजा मुस्तफा के लोगों ने उर्स स्थल का जायजा लिया। उर्स स्थल पर मंच के साथ ही जायरीन के बैठने के लिए एक बड़ा पंडाल बनाया जा रहा है। साथ ही यहां पर डेढ़ सौ दुकानों का भी प्रस्ताव है। जो लाट्री से निकाल कर दुकानदारों को दी जाएंगी। इधर जमात वरिष्ठ सदस्य समरान खान ने बताया कि नगर निगम की ओर से वजूखाना, बाथरूम और टॉलेट बनाए जाने के अलावा इंडिया मार्का हैंडपंप भी लगाए जाएंगे। साथ ही पानी के टैंक की भी उपलब्धता रहेगी। जिला अस्पताल की ओर से मेडिकल कैंप के साथ एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। साथ ही मोबाईल ट्रांसफार्मर भी रखे जाएंगे। जायरीन के ठहरने के लिए उर्स स्थल के आस पास के स्कूलों में व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा उर्स स्थल से लेकर दरगाह तक के रास्ते में कूड़ेदान भी रखे जाने हैं।