बरेली। त्रिवेणी हाउसिंग सोसाइटी ने कर्मचारी नगर बाईपास पर त्रिवेणी इन्क्लेव के पास दुकानों का अवैध निर्माण होने की शिकायत बीडीए उपाध्यक्ष से की है। इस शिकायत के बाद बीडीए उपाध्यक्ष दिव्या मित्तल ने बीडीए की टीम को मौके पर जांच के लिए भी भेजा। बीडीए यह जांच कर रहा है कि दुकानों का नक्शा पास है या नहीं।
सोसाइटी के लोगों ने शिकायत की है कि कुछ लोगों ने आवासीय क्षेत्र में पांच दुकानों का अवैध निर्माण कर लिया है। लोगों का कहना है कि बीडीए ने पूर्व में इन दुकानों के निर्माण पर रोक लगा दी थी लेकिन इनका गुपचुप तरीके से फिर से निर्माण कर लिया गया है। इन दुकानों का नक्शा पास है या नहीं, इसकी सूचना सार्वजनिक की गई है या नहीं इसकी कोई सूचना नहीं है। इन दुकानों के बन जाने से कॉलोनी के लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। दुकान निर्माण में नाली पर अतिक्रमण होने के साथ बिजली के खंभों को भी अवैध तौर पर शिफ्ट किया गया है। शिकायती पत्र पर बड़ी संख्या में लोगों के दस्तखत है। बीडीए वीसी ने टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई है।
लोगों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। टीम को मौके पर भेजा था, उसकी क्या रिपोर्ट है। इसकी सूचना नहीं है। रिकार्ड की जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। -दिव्या मित्तल, बीडीए वीसी