बरेली। जिला चिकित्सालय के पीपीसी यूनिट में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत लगाए गए पोलियो बूथ का फीता काट कर व जिला महिला चिकित्सालय में नवजात बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर मुख्य चिकित्साधिकाीर डा. विनीद शुक्ल ने पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डा. अलका शर्मा भी मौजूद रहीं। 3.37 लाख बच्चों ने पहले दिन पोलियो की खुराक पी।
सीएमओ ने बूथ लेबिल अभियान के शुभारंभ के मौके पर कहा कि देश से पोलियो 2011 में खत्म हो चुका है। लेकिन फिर से पोलियो वायरस पनप ना सके इसलिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक पोलियो अभियान के तहत गठित टीम में शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो दवा से आच्छादित करने के लिए पोलियो टीम घर-घर जाकर पांच दिन तक प्रत्येक घर का भ्रमण कर 0-5 वर्ष तक के छूटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने जाएंगी। डॉ. दीपा सिंह जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया जिले में 7. 52 लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लक्ष्य की प्राप्ति हेतु 2853 पोलियो बूथ लगाए गए हैं। अभियान के पहले दिन 3,37,923 बच्चों ने पोलियो की खुराक की।