फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साहब! आप कुछ भी कहो, हम पीछे हटने वाले नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सौ फुटा चौराहा से मंडी परिसर तक कब्जों की भरमार सिटी मजिस्ट्रेट की चेतावनी के बावजूद बनी रही। इस बीच सड़क के किनारे घेरकर फड़-खोखा लगाने वाले 28 लोगों के पास नोटिस पहुंचने से कब्जेदारों में खलबली है। हालांकि चौराहा पर बनी पैदल पटरी पर अवैध कारोबार करने वालों को अब तक पुलिस ने नहीं हटवाया है, जबकि बुधवार दोपहर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने चौराहा से गेट तक सभी अवैध फड़-खोखे और आढ़त नहीं लगने के आदेश दिए थे। इज्जतनगर थाना पुलिस ने इस आदेशों को दरकिनार कर सड़क पटरी पर अवैध कारोबार करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे गुरुवार भोर से दोपहर तक जाम बना रहा।
विज्ञापन

थोक सब्जी व फल मंडी गेट के सामने सड़क के दोनों ओर अवैध कारोबार पुलिस और मंडी स्टाफ के संरक्षण में हो रहा है। स्थिति यह है कि गेट पर दर्जन भर मोबाइल आढ़तें सुबह से दोपहर तक काम करती हैं। इससे हर दिन लाखों रुपये का टैक्स चोरी हो रहा है। पिछले दो दिन से लगातार सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार मंडी गेट और सौ फुटा चौराहे पर जाम लगाने वालों पर कार्रवाई करने पहुंच रहे हैं, लेकिन पुलिस और मंडी से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है, क्योंकि दोनों अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। इसलिए सड़क पर कारोबार कर यातायात प्रभावित करने वाले हर खतरे से दूर हैं। हालांकि मंडी गेट पर लगने वाली मोबाइल आढ़तें गुरुवार को नहीं लगीं।

आदेश पर भी नहीं हटे फड़
सिटी मजिस्ट्रेट सड़क किनारे और पटरी पर होने वाले अवैध कारोबारियों को हटाने के निर्देश लगातार दे रहे हैं, लेकिन इज्जतनगर थाना पुलिस कुछ सुन ही नहीं रही। गुरुवार को एक भी ठेला-फड़, होटल आदि नहीं हटाया गया।
विज्ञापन


हर दिन एक लाख की वसूली
बताया जाता है कि हर सड़क और किनारे पर लगे ठेला-फड़, होटल, आढ़त और दुकानदारों से पुलिस और मंडी स्टाफ दैनिक वसूली करता है। मंडी गेट स्थित सड़क के दोनों किनारों पर 12 सौ से ज्यादा अवैध कारोबारी हैं। इनसे थाना पुलिस और मंडी स्टाफ 20 से दो सौ रुपये प्रतिदिन वसूली करती है। हर दिन इन अवैध कारोबारियों से औसतन एक लाख रुपये तक वसूला जाता है जो कि ऊपर तक पहुंचाया जाता है, ऐसा लोगों का कहना है। उनका यह भी कहना है कि इसमें कुछ माननीय भी शामिल हैं।

सामान होगा जब्त, हटेंगे कब्जे
मंडी गेट और आसपास इलाकों में अवैध कारोबारियों को पुलिस संरक्षण मिलने से कब्जेदार अपने ठेला-फड़, होटल आदि हटाना तो दूर सड़क के किनारे से पीछे तक हटना भी नहीं चाहते हैं। इसलिए प्रशासन सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। बताया जाता है कि नगर निगम अतिक्रमण विरोधी दस्ता इन कब्जेदारों को खदेड़ेगा और सामान भी जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही चालान भी होंगे।

28 लोगों को मिले नोटिस
मंडी गेट के सामने सड़क किनारा घेरकर कारोबार करने वाले 28 लोगों को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय से जारी नोटिस मिल गए हैं। इससे इनमें खलबली मची हुई है। प्रशासन सड़क घेरकर कारोबार करने वालों पर सख्त सुसंगत धाराओं में प्रभावी कार्रवाई करने की तैयारी में है। पहली बार कब्जेदारों को ऐसे नोटिस मिले हैं।

वर्जन: फोटो सिटी मजिस्ट्रेट
सौ फुटा चौराहा से मंडी गेट मार्ग पर दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग सड़क घेरकर कारोबार कर रहे हैं। इससे हर दिन यातायात बाधित रहता है। दो दिन बाद नगर निगम, पुलिस और प्रशासन संयुक्त अभियान चलाकर कब्जेदार खदेड़े जाएंगे।
विज्ञापन

- संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें