बदायूं। जिला अस्पताल के वार्डों में जिस पाइप से ऑक्सीजन गैस की सप्लाई की जा रही थी। उसमें कुछ खामियों के चलते वहां से ऑक्सीजन लीक हो रही थी, साथ ही बेड के ऊपर जो ऑक्सीजन प्वाइंट लगे हैं, उनमें भी ऑक्सीजन लीकेज थी। ऐसे में इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को सिलिंडर के सहारे ऑक्सीजन देनी पड़ रही थी। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएमएस ने कंपनी को फोन कर इस पाइप लाइन को ठीक कराने की बात कही। इस पर मंगलवार को तीन सदस्यीय टीम ने पहुंचकर खामियां को दूर किया, जिससे दोपहर बाद सप्लाई ठीक हो सकी।
सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर बदायूं के जिला अस्पताल में मरीजों के सहूलियत के लिए ऑक्सीजन सप्लाई पाइप लाइन सिस्टम लगवाया था। यहां से पाइप के माध्यम से इमरजेंसी, सर्जिकल और मेडिसिन वार्ड में ऑक्सीजन की सप्लाई दी जाती थी। इन वार्डों के हर बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई मरीजों को मिल सकें, इसके लिए प्रत्येक वार्ड में हर बेड के ऊपर ऑक्सीजन प्वांइट लगाया गया, लेकिन देखरेख के अभाव में और लापरवाही के चलते मरीजों को इस सुविधा का फायदा नहीं मिल पा रहा था। सोमवार को जब एक स्टाफ नर्स ने मरीज को ऑक्सीजन प्वांइट से सप्लाई देने की कोशिश की, तो पता चला कि वहां से ऑक्सीजन लीक हो रही है। ऐसे में स्टाफ नर्स की तरफ से मरीज को सिलिंडर से ऑक्सीजन दी गई। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद में अस्पताल में हड़कंप मच गया। ऑक्सीजन लीक होने की सूचना सीएमएस ने बरेली दी, जहां से जिला अस्पताल के लिए ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम के लिए बड़े सिलिंडर आते हैं। वहां से मंगलवार को तीन सदस्यीय टीम बदायूं जिला अस्पताल पहुंची। उन्होंने सभी प्वाइंटों को चेक कर दुरुस्त किया, साथ ही पाइप लाइन को भी ठीक किया। जहां पर आक्सीजन लीक हो रही थी।
कई प्वाइंट अभी भी पड़े हैं खराब
-जिला अस्पताल में अभी भी बेड के ऊपर लगे कई ऑक्सीजन प्वाइंट खराब पड़ें है। ऐसे बेड़ों पर अगर मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी, तो फिर से उन्हें दूसरे बेड पर शिफ्ट किया जाएगा या फिर उन्हें सिलिंडर से सप्लाई दी जाएगी।
मेडिसिन वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई पाइप हो चुके हैं चोरी
-जिला अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में पहले कभी ऑक्सीजन सप्लाई दी जाती थी, लेकिन पिछले एक साल पहले वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई के पाइप चोरी हो गए। तब से आज तक वहां पर लगे ऑक्सीजन प्वाइंट वैसे के वैसे ही लगे हैं। यहां पर भर्ती मरीजों को अभी सिलिंडर से सप्लाई दी जा रही है।
बरेली से तीन सदस्यीय टीम आई है। इमरजेंसी वार्ड में जहां पर ऑक्सीजन की सप्लाई लीक हो रही थी, उसे ठीक कर दिया है। अब सब कुछ ठीक है।
-डॉ. बीबी पुष्कर, सीएमएस