फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पार्षदों पर एक और एफआईआर, आज निगम में आर-पार

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। थोड़ा बैकफुट पर आने के बाद प्रशासन अब पार्षदों पर पूरी तरह से हावी हो गया है। संगठन भी इस प्रकरण में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है लिहाजा रविवार को पार्षदों पर एक और रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। प्रशासन के इस कदम के बाद मेयर उमेश गौतम और भाजपा पार्षद अब आर-पार लड़ाई की तैयारी में हैं। इसे लेकर रविवार दोपहर मेयर के सिटी ऑफिस पर मीटिंग भी की गई। सूत्रों का कहना है कि सोमवार को मेयर के साथ ही तमाम भाजपा पार्षद सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।
विज्ञापन

पार्षद विनोद सैनी पर दर्ज कराई रिपोर्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। कोई भी अपने कदम पीछे खींचकर मामले को सुलझाने को तैयार नहीं है। एक जून से नगर आयुक्त के खिलाफ भाजपा पार्षद अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा का संगठन भी उनके साथ आ चुका है और नगर आयुक्त का पुतला दहन समेत तमाम विवाद भी हो चुका है। नगर आयुक्त के खिलाफ शासन और संगठन तक शिकायतें हो चुकी हैं। इसी बीच शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने भाजपा पार्षदों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन की कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसको लेकर रविवार को मेयर के सिटी ऑफिस पर भाजपा पार्षदों की बैठक बुलाई गई। चर्चा है कि इस बैठक में सोमवार को सामूहिक इस्तीफे की रणनीति बनाई गई है।

कुछ पार्षद टूटे कुछ छिटके
भाजपा के कुछ पार्षद सामूहिक इस्तीफा देने के विरोध में हैं। मुख्य सचेतक शालिनी जौहरी ने तो मीटिंग में ही सफा इनकार कर दिया। वहीं, कुछ पार्षदों ने खुद को शहर से बाहर बताकर मीटिंग से दूरी बना ली है। चर्चा है कि वे लोग इस्तीफा देने के पक्ष में नहीं हैं।
विज्ञापन


प्रदेश पदाधिकारियों से मंथन
रविवार को हुई बैठक के बाद मेयर उमेश गौतम ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों से इस विवाद को लेकर चर्चा की है और उनके दिशा निर्देश पर ही अगला कदम उठाने की तैयारी है। वहीं, रविवार रात बदायूं में दर्जा राज्यमंत्री बीएल वर्मा के यहां शादी समारोह में आने वाले प्रदेश पदाधिकारियों से भी इस विषय पर मेयर की चर्चा हुई है।

पुतला फूंकने पर चौकी इंचार्ज ने कराई रिपोर्ट
नगर आयुक्त का पुतला फूंकने और धारा 144 के उल्लंघन को लेकर रविवार को सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज सतवीर सिंह पुंडीर ने भी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसमें पार्षद मुनेंद्र यादव, हरिओम, छंगामल मौर्य, राजेंद्र मिश्रा, राजकुमार, सतीश कातिब, विनोद सैनी, सीताराम, पार्षद पति चमन सक्सेना समेत आठ-दस अन्य पार्षद आरोपी बनाए गए हैं।

इस मामले में जो भी हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को विवाद का हल निकालना चाहिए न कि उसे बढ़ावा देना चाहिए। पूरे मामले को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा चल रही है।
- उमेश गौतम, मेयर

सपा पार्षदों में दो फाड़ निगम में धरना टला
बरेली। नगर निगम में सोमवार से होने वाला सपा पार्षदों का भी धरना फिलहाल टल गया है। सपा पार्षद अब्दुल कयूम मुन्ना ने बताया कि जिला प्रशासन से अनुमति न मिलने के चलते इसे टाला गया है। वहीं, सपा पार्षद दल के नेता राजेश अग्रवाल का कहना है कि इस धरने का पार्टी संगठन से कोई लेना देना नहीं था, कुछ लोगों का यह व्यक्तिगत निर्णय है। हालांकि चर्चा यह है कि धरना प्रदर्शन सपा पार्षदों में दो फाड़ होने के चलते उनका धरना टला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें