15वीं राज्य स्तरीय दो दिवसीय जूनियर सेपक टाकरा चैंपियनशिप का पहला दिन
बरेली। 15वीं राज्य स्तरीय दो दिवसीय जूनियर सेपक टाकरा चैंपियनशिप का शनिवार सुबह शुभारंभ हो गया। बालिका वर्ग का उद्घाटन मैच साई ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) बरेली और बालक वर्ग का रामपुर की टीम ने जीता। बालक वर्ग में 16 और बालिका वर्ग में सात टीमें भाग ले रहीं हैं।
कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम/साई ट्रेनिंग सेंटर में शुरू हुई इस प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग के 12 और बालिका वर्ग के दो मैच हुए। बालिका वर्ग का पहला मैच एसटीसी बरेली और बरेली जिले की टीमों के बीच हुआ। इसमें एसटीसी ने 2-1 से जीत दर्ज की। दूसरा मैच रामपुर और बदायूं में हुआ। जिसमें रामपुर की टीम 2-0 से विजयी रही।
बालक वर्ग में पहला मैच बदायूं और रामपुर के बीच खेला गया। जिसमें रामपुर 2-0 से विजयी रहा। इसके अलावा सीबीएससी यूनिट ने रामपुर को, कानपुर ने शाहजहांपुर को, प्रतापगढ़ ने कानपुर को, बरेली ने बदायूं् को, पीलीभीत ने फतेहपुर को, एसटीसी ने प्रतापगढ़ को, मथुरा ने कानपुर को, सीबीएससी यूनिट ने पीलीभीत को और मथुरा ने शाहजहांपुर को सीधे दो सेटों में 2-0 से, कानपुर ने फैजाबाद और बरेली ने रामपुर को 2-1 से पराजित किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रोफेसर एसके जेटली ने किया। इस मौके पर रविंद्र टैगोर विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उमाशंकर, नेशनल इंटर कॉलेज की कीर्तिबाला, राष्ट्रीय कोच बीए शर्मा, डॉ. प्रियनंदा, उत्तर प्रदेश राज्य सेपक टाकरा एसोसिएशन के सचिव डॉ. एसएम सीरिया मौजूद रहे। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी मनीषा कुमारी ने टीमों की हौसला अफजाही की और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनने के टिप्स दिए।