बरेली। स्वास्थ्य केंद्र शेरगढ़ और फतेहगंज में जननी सुरक्षा योजना और टीकाकरण बहुत कम होने पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने सीएमओ से दोनों केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने बताया कि जिले के नोडल अधिकारी दो-तीन दिन में आ रहे है। वह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले सभी एमओआईसी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता और उपकरणों को ठीक कराना सुनिश्चित करें। किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिलना चाहिए। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक उपस्थित रहें। संचारी रोग नियंत्रण और मलेरिया को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। जिले भर में इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। लोगों को मच्छरों से बचाव के तरीके बताए जाएं तथा साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा जाए। डीएम ने बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई तक अभियान चला कर इस कार्य को करें। इसके साथ ही पहली जुलाई से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारी भी पूरी कर ली जाए। डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि आयुष्मान योजना के कार्ड यदि कहीं वितरित होने से रह गए हैं तो उन्हें भी तत्काल बांट दिया जाए। इस मौके पर सीडीओ, सीएमओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।