बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही चार दिवसीय अंडर -16 बरेली प्रीमियर क्रिकेट लीग-2019 प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए दो मैचों में पहला मैच बरेली बुल्स और दूसरा मैच बरेली वारियर्स ने जीता। शुक्रवार को अपने पूल से मैच जीत फाइलन में पहुंची बरेली टस्कर और शनिवार को अपने पूल से फाइनल में पहुंची बरेली वारियर्स के बीच खिताबी भिड़ंत शनिवार को होगी।
शुक्रवार को पहला मैच बरेली बुल्स और अशोका एजेंसी के बीच खेला गया। जिसमें बुल्स ने अशोका एजेंसी को 65 रनों से हराया। इससे पहले टॉस जीत कर बुल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसमें कप्तान अनिल गंगवार ने 54 व फैजल ने 39 रनों का योगदान किया। एजेंसी के लिए अभियश ने दो, साहिब, दिव्यांश, देवांश व अंशुमन ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एजेंसी की टीम 15.2 ओवर मात्र 85 रन पर ढेर हो गई। जिसमें अंशुमन ने 17 और अभियश ने 13 रनों का योगदान दिया। बुल्स के लिए श्रेय ने तीन और अभिषेक व क्रिश ने दो-दो विकेट लिए। विजेता टीम के अनिल गंगवार को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। हालांकि मैच जीतने के बाद भी बुल्स फाइनल में नहीं पहुंच सकी। इस पूल की टीम टस्कर पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।
दूसरा मैच बरेली वारियर्स और बरेली रॉयल्स के बीच खेला गया। जिसमें बरेली वारियर्स ने रॉयल्स को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीत कर रॉयल्स ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 169 रन बनाए। अमान ने 70, सुरजीत ने 49 रनों का योगदान दिया। वारियर्स के लिए गेंदबाजी में आयुष, शिवांश, उरुज, अनंत ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वारियर्स ने दो विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। जिसमें हिमांशु राणा ने नाबाद 73 रन और कप्तान अब्दुल जीशान ने 50, शिवांश ने नाबाद 24 रन बनाए। रायल्स के लिए अमान व मंथन ने एक-एक विकेट लिए। वारियर्स के हिमांशु राणा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में अनिल गिरि, जितेंद्र कुमार ने अंपायर और फैजान ने स्कोरिंग की। मैच का उद्घाटन अधिवक्ता अमजद सलीम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। क्रिकेट कोच सुनील कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अपने-अपने पूल से फाइनल में पहुंची बरेली टस्कर और बरेली वारियर्स के बीच शनिवार को सुबह नौ बजे होगा। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विजय कुमार, उपक्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, क्रिकेट कोच सुनील कुमार व ओपी कोहली मौजूद रहे।