सहसवान। एक युवक की बाइक बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत युवक हेलमेट लगाए हुए था।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सहसवान बिसौली मार्ग पर राफिया कॉलेज के पास हुआ। उघैती थाना क्षेत्र के गांव लोथर निवासी धर्मेंद्र (27) पुत्र भूरे बाइक से किसी काम से सहसवान आ रहा था। वह हेलमेट लगाए था। कॉलेज के पास आने पर किसी तरह बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान रास्ते में राहगीरों की भीड़ लग गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी, जिस पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी सहसवान पहुंच गए। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।